गढ़मुक्तेश्वर। नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के इशारे पर फर्जी कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक पर अभद्रता का आरोप लगा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दी। जिसे देखकर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मोहल्ला उपाध्याय नगर निवासी अशोक त्यागी ने शुक्रवार की देर शाम सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो वायरल की। जिसका कहना है कि उसके मोहल्ले में रहने वाले तीन युवक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि के साथ रहते हैं। जो मोहल्ले के लोगों पर रौब गालिब करते हैं। इसका विरोध करने पर आरोपी युवक उससे रंजिश भी मानते हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने पिटाई कर उसे घायल कर दिया, वहीं उसके खिलाफ कोतवाली में एक फर्जी तहरीर भी दे दी। इस संबंध में जब उसके पक्ष के लोग कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से वार्ता करने गए, तो उन्होंने उनके साथ अभद्रता की। प्रभारी निरीक्षक की अभद्रता की वीडियो भी उनके पास है। पीड़ित ने अब एसपी अभिषेक वर्मा को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया वीडियो की जानकारी नहीं है । पुलिस हमेशा पीड़ित पक्ष की सुनवाई करती है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।