हापुड़। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने बृहस्पतिवार को पन्नापुरी निवासी छात्रा कीर्ति सिंह के परिजनों से उनके निवास पर जाकर सांत्वना दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर परिजन को सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कीर्ति सिंह के पिता के आह्वान पर मेरठ स्थित अपनी फैक्टरी में कीर्ति के भाई को नौकरी देने की घोषणा की।
विनीत अग्रवाल शारदा बृहस्पतिवार को पन्नापुरी निवासी कीर्ति सिंह के निवास पर पहुंचे। कीर्ति के पिता ने अपने बेटे के लिए सरकारी नौकरी की इच्छा जताई, जिसपर विनीत शारदा ने कहा कि वह सरकारी नौकरी दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कीर्ति के भाई को अपनी कपड़े की फैक्टरी में अच्छी नौकरी देने की घोषणा की। इसके बाद विनीत शारदा गांधी गंज स्थित दीक्षा जिंदल के निवास पहुंचे। उन्होंने दीक्षा की बहादुरी की प्रशंसा कर उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अशोक बबली, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष कपिल सिंघल आदि मौजूद रहे।