बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव छपकौली नहर में बुधवार की सुबह अंगौछे से हाथ बांधकर नहर में छलांग लगाने वाले किरनपाल उर्फ मुन्नू (55) का शव बृहस्पतिवार की दोपहर बाद घुंघराला के पास नहर से बरामद हुआ। एनडीआरएफ की टीम ने शव को नहर से निकालकर पुलिस को सौंप दिया था।
गांव छपकौली निवासी किरनपाल बुधवार की सुबह करीब छह बजे अपने खेतों पर घूमने गए थे। घूमकर आने के बाद किरनपाल अंगौछे से अपने हाथ बांध लिए और नहर में कूद गए थे। पिछले चार माह से किरनपाल अवसाद में थे। नहर में किरनपाल को कूदते देख चौकीदार ने शोर मचा दिया था। ग्रामीणों, पुलिस के गोताखोरों के साथ बुधवार शाम को एनडीआरएफ की टीम भी किसान को तलाश करने के लिए पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार दोपहर बाद किरनपाल का शव हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव घुंघराला के पास नहर से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया था। लेकिन परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की अपील पर पुलिस ने किरनपाल के शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
इसके बाद बृहस्पतिवार की शाम को ही किरनपाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि परिजनों की अपील पर शव का पंचनामा भरकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
-