गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी में घर के बाहर खेल रही बच्ची का गांव के ही युवक ने अपहरण का प्रयास किया। बच्ची ने शोर मचाया तो आरोपी ने उसके सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया। पीडि़त पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
गांव निवासी आसिम ने बताया कि दो दिन पहले उसकी पांच साल की बेटी हुमैरा घर के बाहर खेल रही थी। तभी गांव का ही युवक वहां आया और उसकी बेटी को उठाकर ले जाने लगा। बेटी ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसकी पिटाई करते हुए सिर में ईंट मार दी। जिससे वह लहूलुहान हो गई। हंगामा होने और शोर मचाने पर आसपास के लोगों और परिजनों को आता देखकर आरोपी बेटी को छोड़कर भाग गया। सीओ आशुतोष शिवम का कहना है कि मामले की जांच कराते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।