भीषण गर्मी में अंधाधुंध बिजली कटौती पर शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भाकियू के बैनरतले आक्रोशित ग्रामीणों ने बहादुरगढ़ पावर स्टेशन पर धावा बोला। जेई को बंधक बनाकर हंगामा किया।
इस बीच भीड़ के तेवर देख जेई दीवार फांदकर भाग निकला। उधर, पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था जल्द न सुधरने पर ग्रामीणों ने बिजलीघर में तालाबंदी कर बेमियादी धरने पर बैठने की चेतावनी दी। ग्रामीणों के इस हंगामे से बिजली घर पर काफी देर कर अफरातफरी का माहौल रहा।
बहादुरगढ़, आलमनगर, नवादा, पूठ, शकराटीला, रहरवा, क्रियावली, शेरपुर, आलापुर सहित क्षेत्र के दो दर्जन से ज्यादा गांवों में अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही है। बिजली कटौती से इस भीषण गर्मी में लोग बिलबिला उठे हैं।
बिजली न मिलने से पानी का संकट भी गहराने लगा है। साथ ही सिंचाई की समस्या भी गहराने लगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन के अलावा अक्सर रात-रात भर बत्ती गायब रहती है।
इससे दिन का चैन व रात की नींद हराम हो गई है। तमाम बार हो-हल्ला मचाने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली कटौती से गुस्साए ग्रामीण शनिवार को बहादुरगढ़ पावर स्टेशन पर एकत्र हुए।
भाकियू अध्यक्ष सोनू चौहान के साथ ही लोकेश और हृदयेश के नेतृत्व में बिजलीघर का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने वहां मौजूद जेई को बंधक बना लिया और जमकर नारेबाजी करने लगे।
मौका मिलते ही जेई दीवार फांदकर वहां से भाग गए। बाद में आला अफसरों ने मोबाइल पर हुई बातचीत में जल्द सप्लाई में सुधार कराने का भरोसा दिलाया। जगत सिंह, चंद्रपाल, विवेक, टीटू, ममता, सुषमा, चंदर आदि ने चेतावनी दी है कि अगर सप्लाई में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो बिजलीघर में तालाबंदी कर धरना दिया जाएगा।