शहर में जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। दीपावली और भैया दूज पर जनता को राहत देने के लिए एसपी ने पुलिस को योजना बनाकर ड्यूटी के निर्देश जारी कर दिए हैं।
त्योहार पर शहरवासी जाम की समस्या से न जूझें, इसके लिए सीओ से लेकर थानेदार तक सड़क पर मौजूद रहेंगे। धरतेरस, दीपावली और भैया दूज पर सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, जिसके चलते शहर में जाम लग जाता है।
जाम से निपटने के लिए इस बार पुलिस ने ठोस योजना बनाई है। सड़कों पर अनाधिकृत रूप से खड़े होने वाले वाहनों पर शिकंजा कसने के साथ ही नो एंट्री में वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान दुपहिया वाहनों की चेकिंग भी की जाएगी।
एसपी अलंकृता सिंह भी इस दौरान क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लेंगी। इस दौरान सीओ और सभी थानेदारों के साथ ही पुलिस कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा का प्रवेश रहेगा बंद
बता दें कि शहर में ई-रिक्शा जाम का प्रमुख कारण है। त्योहारी सीजन में जाम से निजात के लिए ई-रिक्शा के संचालन पर रोक लगाई गई है। तहसील चौपले पर ई-रिक्शा नहीं आ सकेगा।
मेरठ तिराहा और अतरपुरा चौपला से ई-रिक्शा का रूट डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही मेरठ तिराहा से रघुवीर गंज, फ्री गंज रोड होते हुए तहसील चौराहा पहुंचा जा सकता है।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
एसपी अलंकृता सिंह का कहना है कि जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रयासरत है। त्योहारों के दौरान नो एंट्री में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी। जाम से निपटने के लिए चौराहों पर पुलिस कर्मियों और अफसरों की ड्यूटी लगाई जाएगी।