हापुड़। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए शुरू किए गए जल जीवन मिशन की अधूरी योजनाएं अब पूरी कराई जाएंगी। शासन से 15 करोड़ रुपये की धनराशि जारी होने के बाद जिले के 124 गांवों में रुके पड़े कार्यों को दोबारा गति दी जाएगी। इसके तहत 31 दिसंबर तक 31 गांवों में और मार्च 2027 तक शेष सभी गांवों में कार्य पूरे कराने का लक्ष्य रखा गया है, इनमें ओवरहेड टैंक का निर्माण, पानी के कनेक्शन, पाइपलाइन से जुड़े कार्य और खोदी गई सड़कों की मरम्मत शामिल है।
दरअसल, ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने और घरों तक पानी पहुंचाने के लिए काम शुरू किए गए थे, लेकिन पिछले करीब डेढ़ साल से कई गांवों में कार्य अधूरे पड़े हैं। कहीं पाइपलाइन बिछाने के बाद कनेक्शन नहीं दिए गए तो कहीं पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। कई स्थानों पर सड़कों की खुदाई के बाद मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
कहीं पर सोलर पैनल और बिजली के कनेक्शन व ओवरहेड निर्माण अधूरे होने की समस्याएं हैं। इस कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए अब भी पुराने संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। अधूरे कार्यों के कारण ग्रामीणों में नाराजगी भी है। लोगों का कहना है कि योजना के तहत घरों तक पानी पहुंचाने का सपना दिखाया गया, लेकिन लंबे समय से काम बंद होने के कारण उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं, खोदी गई सड़कों और अधूरे निर्माण कार्यों से रोजमर्रा की परेशानी बढ़ रही है।
31 दिसंबर तक इन गांवों में पूरे होंगे काम
जिले में 31 दिसंबर 2026 तक 31 गांवों में कार्य पूरे कराए जाएंगे। धौलाना विकास खंड के गांव पिपला बंदपुर, दयानगर, खेरपुर खैराबाद, कृपानगर, बासतपुर, सौलाना, मीरापुर, सिंभावली ब्लॉक के सिंगनपुर, रजापुर, गंधू नंगला, फरीदपुर गोसाई, दरियापुर, राजपुर, सैना, नरैना, हापुड़ ब्लॉक के गांव भड़ंगपुर भिम्यारी, कमालपुर फिरोजपुर, बनखंडा, सिमरौली, रघुनाथपुर चांदपुर, भिकनपुर, जोगीपुरा, हाफिजपुर उबारपुर और गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक के गांव अनूपुर डिबाई, पोपाई निजामपुर हिरणपुरा, मानक चौक, भगवती उर्फ लिस्डी, मुरादपुर जनुपुरा, हसुपुरा, हैदरपुर सैदपुर और वहाबपुर ढेरा में कार्य पूरे कराए जाएंगे।
शासन ने अब 15 करोड़ रुपये और जारी किए हैं। इस धनराशि से शेष बचे गांवों में कार्य पूरे कराए जाएंगे। 31 मार्च 2027 तक पूरे जिले में कार्य होंगे।
पंकज कुमार, अधिशासी अभियंता, जल निगम ग्रामीण