हापुड़। शहर की जाम की समस्या से लोगों को छुटकारा नहीं मिल रहा है। आए दिन शहर में जाम लगता ही रहता है। लेकिन सोमवार को सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। जिसके कारण वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। सोमवार को तहसील चौपला और मेरठ तिराहा पार करने में लोगों को 45 मिनट का समय लग गया। शहर में दिनभर जाम की यही स्थिति रही।
सोमवार को भी सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर को तो गढ़-दिल्ली रोड पर भयंकर जाम लग गया। दिल्ली रोड पर रामलीला मैदान तक और गढ़ की तरफ अतरपुरा चौपला पर वाहनों की लाइन लग गईं। मेरठ तिराहा, तहसील चौपला और बुलंदशहर रोड पर भी वाहनों की लंबी कतार थी। शाम के समय कुछ देर के लिए जाम खुला इसके बाद शाम को फिर जाम लग गया। बसों और दूसरे वाहनों से यात्रा कर रहे यात्री वाहनों से उतरकर पैदल ही गंतव्य को जाते हुए नजर आए। दरअसल, पिछले दो महीने से जाम के हालात अधिक खराब हैं। जिम्मेदार अधिकारी जाम को लेकर कतई भी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि जाम से कारोबार आधा रह गया है। जाम के यही हालात रहे तो कारोबार ठप हो जाएगा। सीओ यातायात स्तुति सिंह का कहना है कि वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। जाम से निजात के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।