बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा बुधवार को एक बार फिर ठप हो गई। नोएडा और गाजियाबाद के बीच अंडर ग्राउंड केबिल में गड़बड़ी के कारण करीब तीन घंटे तक 3500 ब्रॉड बैंड शोपीस बने रहे। ऐसे में लोगों को जरूरी कार्य निपटाने के लिए साइबर कैफे आदि का सहारा लेना पड़ा।
भारत दूर संचार निगम लिमिटेड की इंटरनेट सेवा आए दिन ठप रहती है। बुधवार को सुबह करीब 8 बजे अचानक जिलेभर में इंटरनेट सेवा बाधित हो गई। लोग जरूरी कार्य निपटाने के लिए परेशान होते रहे।
काफी देर इंतजार के बाद भी सेवा बहाल नहीं होने पर ग्राहकों ने निगम अफसरों से शिकायत करनी शुरू कर दी, लेकिन अफसरों ने पीछे से ही सेवा बाधित होने की बात कह पल्ला झाड़ लिया। करीब तीन घंटे तक यही हालात रहे।
बैंकों में भी कार्य निपटाने के लिए निजी इंटरनेट सुविधा का सहारा लेना पड़ा। सुबह करीब 11 बजे सेवा बहाल होने ग्राहकों ने राहत की सांस ली। डीईटी कृपाल सिंह ने बताया कि नोएडा गाजियाबाद के बीच अंडर ग्राउंड केबिल में फाल्ट के कारण समस्या हुई थी। फाल्ट दूर कर सेवा बहाल कर दी गई।