हापुड़ में विकास भवन स्थित कृषि कार्यालय में खाद की जानकारी देते कृषि उपायुक्त। स्रोत विभाग
हापुड़। शासन के निर्देश पर शनिवार को खाद आपूर्ति उपलब्धता और वितरण के राज्य स्तरीय नियंत्रक अधिकारी व उपायुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक) डॉ. हरेंद्र मिश्रा ने जिले में खाद की आपूर्ति, उपलब्धता और वितरण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दो उर्वरक निर्माताओं व दो उर्वरक विक्रेताओं के स्थल पहुंचकर खाद बिक्री की जांच की। दुकान से शनिवार को खाद खरीदने वाले पांच कृषकों को फोन कर बिक्री का सत्यापन किया। डॉ. हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि जिले में पिछले वर्ष जुलाई 2025 में 7653 मीट्रिक टन यूरिया की बिक्री हुई थी और वर्तमान में जिले में लगभग 7 हजार मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता है, जो कि पर्याप्त है।
जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त खाद है। वर्तमान में शासनादेश के अनुसार प्रति हेक्टेयर सात बैग यूरिया और पांच बैग डीएपी का वितरण किया जा रहा है। खाद की कालाबाजारी पर लगातार नजर रखी जा रही है और कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।