गढ़मुक्तेश्वर। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव उपैडा निवासी कालीचरन ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिन्होंने बताया कि 15 नवंबर को उनका बेटा सचिन कुमार अपने दोस्त संजू के साथ अपनी दादी के अंतिम संस्कार में ब्रजघाट जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव अल्लाबख्शपुर कट के निकट गढ़ की तरफ से आ रही स्कूल बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सचिन और संजू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार अभी भी मेरठ के अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चित्तौड़ा निवासी सुमित कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिन्होंने बताया कि 27 नवंबर की रात उनका भाई अमित कुमार अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होकर ब्रजघाट की तरफ से गांव लौट रहे थे। पलवाडा-सालापुर मार्ग पर रजवाहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में उनका भाई और भाभी घायल हो गए। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वाहन चालकों की तलाश कराई जा रही है।