जैन संत मुनि तरुण सागर महाराज पर की गई अशोभनीय टिप्पणी के मामले में समाज के लोगों का गुस्सा फूट गया। मंगलवार को कसेरठ बाजार में समाज के लोगों ने टिप्पणी करने वाले दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। साथ ही आंदोलन की चेतावनी दी है।
संस्था श्री दिगंबर जैन समाज के सदस्य शनिवार को कसेरठ बाजार में एकत्र हुए। समाज के लोगों ने आप नेता विशाल ददलानी व तहसीन पूना वाला द्वारा जैन मुनी तरुण सागर महाराज के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी की निंदा कर प्रदर्शन किया।
संस्था के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन ने कहा कि जैन धर्म अनादि काल से चला आ रहा है। ऋषभदेव भगवान प्रथम तीर्थकर के समय से दिगंबर मुनी अपनी संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं। दिगंबर का अर्थ है जिनका वस्त्र पूरा अंबर है।
जैन समाज अपनी संस्कृति को मजाक बनाने वालों को अहिंसा के मार्ग पर चलकर विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे बयान देने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर जैन समाज आदर्श महिला मंडल, जैन मिलन हापुड़, महावीर सेवा मंडल, साधु सेवा समिति, श्वेताम्बर जैन समाज, थानक वासी जैन समाज से वीरेंद्र जैन, सुमत प्रसाद जैन, दर्शनदयाल जैन, नरेंद्र जैन, शुभम जैन, विशाल जैन, पंकज जैन, सुधीर जैन, सुनील जैन, विनोद जैन, मधू जैन, रेनुका जैन, नेहा जैन, सरोज जैन, पुष्पा जैन, तुषार जैन, सुरेश चंद जैन उपस्थित थे।