मजीदपुरा स्थित सरकारी अस्पताल में लगे जन आरोग्य मेले के दौरान खाली पड़ा अस्पताल। संवाद
हापुड़। जिले में रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेलों पर हड़ताल का असर देखने को मिला। पिछली बार जहां आरोग्य मंदिरों पर ताले लटके होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा था, वहीं इस बार चिकित्सक स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे लेकिन मरीजों की संख्या कम रही। स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे मरीजों में खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित लोगों की संख्या अधिक रही।
जन आरोग्य मेलों का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार और परामर्श उपलब्ध कराना है। इसके तहत मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी जाती हैं। हालांकि, इस बार हड़ताल के चलते मेलों में मरीजों की कम आमद देखने को मिली। सभी आरोग्य मेलों में करीब 700 मरीज ही पहुंचे। चिकित्सकों ने केंद्रों पर पहुंचकर मरीजों की जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।
मौसम में बदलाव के कारण खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीज अधिक रहे। स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार के लिए पहुंचे लोगों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।