हापुड़। धौलाना क्षेत्र में आई लव मोहम्म्द के होर्डिंग्स और पोस्टर चस्पा होने के बाद जिले में पुलिस अलर्ट हो गई है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के कारण धार्मिक स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस ने पैदल मार्च किया और लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। किसी भी अप्रिय घटना या अफवाह को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रही।
प्रदेश भर में आई लव मोहम्मद को लेकर मामला गर्माया हुआ है। बृहस्पतिवार को धौलाना और कपूरपुर क्षेत्रों में भी कुछ लोगों ने आई लव मोहम्मद के होर्डिंग्स और पोस्टर चस्पा कर दिए थे। मामले की जानकारी होते ही पुलिस ने होर्डिंग्स और पोस्टर हटवा दिए। लोगों से इस प्रकार की गतिविधि से दूर रहने की अपील की। वहीं, शुक्रवार की सुबह से ही जिले में चिन्हित स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान मिश्रित आबादी क्षेत्रों में विशेष निगरानी बरती गई।
एसपी ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्र के सिकंदर गेट, बुलंदशहर रोड और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने पैदल गश्त की और ड्रोन कैमरों से हवाई निगरानी भी की। अधिकारियों ने क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। दोपहर को जुमे की नमाज भी कड़ी सुरक्षा के बीच अदा की गई।
सभी थानों पर तैनात थी क्यूआरटी
शुक्रवार को बरेली की घटना को देखते हुए हापुड़ की पुलिस और सतर्क हो गई। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने खुद बुलंदशहर रोड आदि क्षेत्रों का दौरा किया, वहीं थाना स्तर पर क्यूआरटी (क्विक रेस्पांस टीम) को भी तैनात किया गया था। किसी भी आपात स्थिति में ये क्विक रेस्पांस टीम तैयार थी। अतिसंवेदनशील जदीद चौकी पर एसपी ज्ञानंजय सिंह के साथ एसडीएम ईला प्रकाश, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार बिष्ट भी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। देहात थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता भी टीम के साथ गश्त करते रहे।
मंदिरों और मेला स्थलों पर रहे सुरक्षा के कड़े इंतजाम-
त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने मंदिरों, रामलीला स्थलों और मेलों में भी सतर्कता बढ़ा दी है। हापुड़ शहर के अलावा गढ़, पिलखुवा, धौलाना और सिंभावली में रामलीलाओं का आयोजन हो रहा है। जबकि मंदिरों में भी प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में इन स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
कोट -
उपद्रवी तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि किसी भी परिस्थिति में माहौल बिगाड़ने का प्रयास न करें, गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी। - ज्ञानंजय सिंह, एसपी हापुड़
-