सिंभावली। गांव खागौई में बच्चों की खुशी के लिए पति से ईद का सामान मंगवाना महिला को भारी पड़ गया। गुस्साए पति ने महिला और बच्चों को कमरे में बंद कर आग लगा दी। गनीमत रही कि महिला और बच्चे सकुशल बाहर आ गए। पीडि़ता ने पति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शमीम ने तहरीर देते हुए बताया कि रविवार को उसने अपने पति से बकरीद के लिए कुछ सामान खरीद कर लाने के लिए कहा। इस पर उसका पति भड़क उठा और गाली-गलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो आरोपी ने पहले तो उसकी पिटाई की । जिसके बाद पति ने उसे और बच्चों को कमरे में बंद कर आग लगा दी। उसने किसी तरह दरवाजा खोला और बच्चों समेत बाहर आकर शोर मचाया, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर घर से चला गया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिनकी मदद से आग बुझाई गई। लेकिन तब तक कमरे में रखा काफी सामान जल चुका था। जिसके बाद उसने 112 नंबर पर भी कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।