हापुड़। देहात थाना पुलिस और एसटीएफ नोएडा की टीम ने हत्या, लूट और चोरी जैसे अपराधों में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कल्लू उर्फ मुर्गबाज निवासी कुआं टांडा की गौटिया जिला बरेली को ततारपुर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी बाराबंकी जिले में ट्रांसफार्मर से तेल और बिजली के तार चोरी करने के मामले में वांछित चल रहा था। इसके अलावा आरोपी पर कुल छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि 17 जनवरी 2025 की रात करीब ढाई बजे बाराबंकी के बिहुरा स्थित रवि राइस मिल व बियर हाउस में कल्लू ने अपने तीन साथियों के साथ सुरक्षा गार्ड दिनेश कनौजिया को बंधक बनाकर धमकाया। बदमाशों ने मिल का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया। एक बदमाश गार्डों को निगरानी में खड़ा रहा, जबकि उसके साथी ट्रांसफार्मर और बिजली के तार काटकर तेल निकालने लगे। वारदात के बाद बदमाश गार्ड का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पीड़ित गार्ड की तहरीर पर बाराबंकी के थाना मोहम्मदपुर खाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस कल्लू की तलाश कर रही थी। सीओ ने बताया कि शनिवार शाम थाना देहात प्रभारी पारस मलिक और नोएडा एसटीएफ के प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक ने संयुक्त टीम आरोपी को ततारपुर गोल चक्कर के निकट एक पेट्रोल पंप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है।