बहादुरगढ़। गांव आलमनगर में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 500 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क का शनिवार को विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया ने विधिवत शिलान्यास किया। यह सड़क गांव शेरपुर से आलमनगर तक विधायक निधि से बनाई जाएगी। शिलान्यास के दौरान विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही जलभराव और टूटी सड़क की समस्या से राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण उन्हें वर्षों से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क बनने से गांव के लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, किसानों और राहगीरों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने विकास कार्य के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष तरुण चौहान, संजीव चौहान, राकेश, रामपाल चौहान, महेश सहित अनेक ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।