हापुड़। प्रेम-विवाह करने से नाराज मायके पक्ष के लोगों ने अपनी पुत्री की ससुराल पहुंचकर हंगामा किया। आरोपियों ने विवाहिता को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। आरोप है कि विरोध करने पर विवाहिता को सास को बेरहमी से पीटा और हत्या की धमकी देकर फरार हो गए।
दर्ज रिपोर्ट में थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी मतीन ने बताया कि 30 अप्रैल को उसने जिला मेरठ के थाना व कस्बा किठौर क्षेत्र निवासी नुरिन से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से वह पत्नी के साथ थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई में रह रहा है। फिलहाल उसकी पत्नी ढाई माह की गर्भवती है। 17 जुलाई को पीड़ित किसी काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था। उसकी गैर मौजूदगी में पत्नी के पिता रिफाकत, चाचा फिरासत, नजाकत व भाई रिहान उसके घर पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने उसकी पत्नी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। ऐसे में उसकी मां बसगरी ने आरोपियों को विरोध किया।
इससे गुस्साए आरोपियों ने गाली-गलौज कर उसकी माता को बेरहमी से पीटा। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। आसपास के सीसीटीवी आदि भी खंगाले जा रहे हैं।
-