संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। शहर में दिन दहाड़े 15 अप्रैल को बंद मकान में चोरी करने घुसे दो बदमाशों को पकड़वाने वाली बहादुर महिला प्रेमलता प्रजापति का देहात थाना पुलिस ने सम्मान किया। इस दौरान उन्हें 15 अगस्त को दिल्ली में सम्मानित कराने की सिफारिश की है।
देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत मोहल्ला जगन्नाथपुरी कृष्णा नगर में बंद मकान में दिन दहाड़े चोरी करने घुसे दो बदमाशों को मोहल्ले के लोगों ने घेर लिया था। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। दरअसल, मकान मालिक पंकज गुप्ता की पड़ोसी महिला प्रेमलता ने बदमाश को मकान में घुसते हुए देख लिया। उसने तत्काल मामले की जानकारी पति अनिल तिवारी को दी। इसके बाद दंपती अपने घर से बाहर निकले और शोर मचा दिया। इसी दौरान महिला प्रेमलता ने दौड़कर बाइक पर बैठे बदमाश को गिरा दिया। महिला द्वारा गिराने के बाद लोगों ने दबोच लिया और जमकर पीटा। दूसरे बदमाश को भी दबोच लिया गया था। मामले में रविवार को देहात थाना प्रभारी आशीष कुमार ने महिला को सम्मानित किया।