माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के आह्वान पर सोमवार को वित्तविहीन शिक्षकों ने गांव भटियाना स्थित आदर्श विद्यालय इंटर कॉलेज में बैठक की और मानदेय न मिलने के विरोध में 29 जनवरी को विधानसभा घेराव का निर्णय लिया। शिक्षकों ने सुनवाई नहीं होने पर बोर्ड परीक्षा और मूल्यांकन कार्य के बहिष्कार की भी चेतावनी दी है।
बैठक को संबोधित कर रहे महासभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्रपाल सिंह ने प्रदेश सरकार से अपने चुनावी एजेंडे में वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिलाने की घोषणा की थी। वर्ष 2015 और 2016 के बजट में भी वित्तविहीन शिक्षकों को मानेदय दिलाने की बात कही थी लेकिन घोषणा के बावजूद शिक्षकों को राहत नहीं मिल सकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार की शिक्षक विरोधी नीति के विरोध में अब वह 29 जनवरी को विधानसभा का घेराव करेंगे। इसमें प्रदेशभर के वित्तविहीन शिक्षक भाग लेंगे। जिला महामंत्री कौशल किशोर ने कहा कि शासन ने यदि जल्द ही मानदेय लागू नहीं किया तो वह इस बार बोर्ड परीक्षा और मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर देंगे।
जिला संयोजक आचार्य अजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के चलते प्रदेशभर के करीब 2 लाख वित्तविहीन शिक्षकों का भविष्य अधर में है। बैठक में निरंजन सिंह, विनोद कुमार शर्मा, अजय शर्मा, कौशल किशोर, कृष्णवीर सिंह, अजय शर्मा, सुनील सिरोही, विष्णुदत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।