हापुड़। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान सोमवार को एक अभ्यर्थी को फर्जी दस्तावेज के सहारे परीक्षा देते परीक्षकों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। पुलिस ने देर शाम आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दर्ज रिपोर्ट में निरीक्षक अवधेश माहौर ने बताया कि सोमवार को चौधरी ताराचंद जनता इंटर कॉलेज, तगासराय में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की द्वितीय पाली में परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी जिला बुलंदशहर के थाना ककौड़ के गांव आजमपुर हुसैनपुर का छोटेलाल परीक्षा देने पहुंचा।
बायोमैट्रिक सत्यापन के समय टीम ने उसके दस्तावेजों की जांच की, जिसमें आधार कार्ड और प्रवेश पत्र में दर्ज जन्मतिथि अलग-अलग पाई गई।
रिकॉर्ड के अनुसार आधार कार्ड में अभ्यर्थी की जन्मतिथि 20 जनवरी 1993 दर्ज थी, जबकि प्रवेश पत्र में 20 जून 2003 अंकित मिली। इस पर संदेह होने पर अभ्यर्थी से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने स्वीकार किया कि उसकी वास्तविक आयु लगभग 32 वर्ष है और उसने वर्ष 2008 में हाईस्कूल परीक्षा पास की थी, जिसमें सही जन्मतिथि 20 जनवरी 1993 है।
सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसके अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।