हापुड़। होली पर घर जाने के लिए सीट न मिलने से परेशान यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर भी नई दिल्ली-गोरखपुर और दिल्ली-सीतामढ़ी के बीच संचालित होने वाली दो ट्रेनों को ठहराव दिया गया है। नई दिल्ली-गोरखपुर के बीच संचालित होने वाली ट्रेन का आज से संचालन प्रारंभ होगा।
नई दिल्ली से गोरखपुर के बीच संचालित होने वाली होली स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली से 20, 27 फरवरी और छह मार्च को संचालित होगी। शुक्रवार को ट्रेन दिल्ली से दोपहर 2 बजे ट्रेन गाजियाबाद के रास्ते होते हुए दोपहर 3:32 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट ठहराव के बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। वापसी में यह ट्रेन गोरखपुर से 21, 28 फरवरी और सात मार्च को दिल्ली के लिए संचालित होगी, जो रात्रि 9:08 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची और दो मिनट ठहराव के बाद गाजियाबाद के लिए रवाना हो जाएगी।
वहीं दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच संचालित होने वाली स्पेशल ट्रेन का दिल्ली से 26 फरवरी और पांच मार्च को संचालन होगा। यह ट्रेन दिल्ली से रात्रि 11:05 बजे चलकर 12:48 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट ठहराव के बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। सीतामढ़ी से यह 27 फरवरी और छह मार्च को रात्रि 11:55 बजे चलकर अगली रात्रि 9:21 बजे हापुड़ रेलवे स्टेशन आएगी और दो मिनट ठहराव के बाद गाजियाबाद के लिए रवाना होगी।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता का कहना है कि नई दिल्ली-गोरखपुर के बीच संचालित होने वाली स्पेशल ट्रेन का संचालन आज से शुरू हो जाएगा। यह ट्रेन अलग-अलग तिथियों में तीन फेरे लगाएगी। इससे होली पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।