धौलाना। थाना क्षेत्र में आई लव मोहम्मद लिखे होर्डिंग्स लगाने से स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई है। सड़क किनारे लगे होर्डिंग्स की स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल पोस्टरों को हटवाया और इन्हें लगवाने वालों की जांच शुरू कर दी है।
कानपुर जिले में चार सितंबर 2025 को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान आई लव मोहम्मद का साइनबोर्ड लगाकर कुछ लोगों ने विरोध किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की, लेकिन इसके बाद से प्रदेश के कुछ जिलों में इस मामले को जानबूझकर तूल देने का प्रयास किया गया। ऐसे में बृहस्पतिवार को थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव बझेड़ा कला और धौलाना थाना क्षेत्र के गांव देहरा में आई लव मोहम्मद के होर्डिंग्स दिखाई दिए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और होर्डिंग्स को उतरवाया। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि किसी प्रकार से माहौल न बिगड़े इसके लिए लोगों को समझाया जा रहा है। इस प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।