हापुड़। थाना देहात पुलिस ने करीब 36 वर्षों से लापता चल रहे एक हिस्ट्रीशीटर को पकड़ा है। हिस्ट्रीशीटर वर्ष 1988 से बिहार, मेरठ व थाना बाबूगढ़ के गांव सरावनी में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहा था।
थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 1988 में रमेश उर्फ जरीफ पुत्र खचेडू निवासी मोहल्ला फूलगढ़ी थाना देहात का हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। इसके बाद यह लापता हो गया और बिहार राज्य के एक जिले में महिला से निकाह कर यहां रहने लगा। यहां वह करीब आठ साल रहा। इसके बाद यह जिला मेरठ के किला परीक्षितगढ़ में छह साल रहकर रिक्शा चलाकर अपने परिवार को पालता रहा। इसके बाद वह करीब 22 वर्षों से थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव सरावनी में मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस अभिलेखों में लापता चल रहे हिस्ट्रीशीटर रमेश उर्फ जरीफ की तलाश में जुटी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ढूंढते हुए हिस्ट्रीशीटर की हापुड़ नगर में रह रही बहन चंपिया तक पहुंची और पूछताछ की। पूछताछ में उसके गांव सरावनी में रहने की बात पता चली। पुलिस गांव सरावनी पहुंचकर हिस्ट्रीशीटर रमेश उर्फ जरीफ को हिरासत में लेकर थाने ले आई।