पिलखुवा कोतवाली में पहुंचे हिंदू संगठनों के पदाधिकारी।संवाद
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को शादी समारोह के दौरान एक युवक की दबंगई और ब्लैकमेल की हरकत के बाद हिंदू संगठनों में उबाल आ गया। दूल्हे को जान से मारने की धमकी और लड़की की आपत्तिजनक फोटो भेजने के मामले में विभिन्न संगठनों ने कोतवाली पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को शहर के परिवार में बरात आई थी। बरात चढ़त के साथ बाल मुकुंद धर्मशाला की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान मोहल्ला छिद्दापुरी निवासी आमिर मौके पर पहुंचा। उसने दूल्हे से बात करने का दबाव बनाया। आरोपी ने दूल्हे के रिश्तेदार को अलग ले जाकर बग्गी पर फायरिंग करने की धमकी दी। मना करने पर आरोपी ने साफ धमकी दी कि दूल्हे को एक दिन जान से मार देगा।
इसके बाद आरोपी ने मौके पर मौजूद बरात पक्ष के कई रिश्तेदारों के मोबाइल नंबर जुटाकर व्हाट्सएप के जरिए लड़की की आपत्तिजनक फोटो बनाकर व संदेश भेजे। आरोपी ने खुलेआम कहा कि वह यह शादी नहीं होने देगा और रिश्ते को बिगाड़ कर रहेगा। घटना के बाद विश्व हिन्दू परिषद से सौरभ चौहान, हिन्दू रक्षादल के जिला प्रभारी रविंद्र शर्मा, विश्व हिन्दू राष्ट्र सेना से नरेंद्र तोमर और हिन्दू जागरण मंच से पवन तोमर समेत कई कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। संगठनों ने इस घटना को परिवार की इज्जत पर सीधा हमला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि ढिलाई होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।