हापुड़। बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में बिना पंजीकरण चल रहे त्यागी नर्सिंग होम को आखिरकार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सील कर दिया है। इसमें भर्ती तीन मरीजों को हापुड़ सीएचसी में रेफर किया गया है। इसके अलावा ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों की जानकारी कर उन्हें भी नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जांच में पता चला है कि इस अस्पताल के पंजीकरण का चार साल से नवीनीकरण नहीं कराया गया था। जबकि इसमें मरीजों के हार्निया, पथरी जैसे ऑपरेशन हो रहे थे। हालांकि कौन चिकित्सक ऑपरेशन करता था, इसका खुलासा नहीं हुआ है। गाजियाबाद से चिकित्सक के आने की बात सामने आ रही है।
बहरहाल, अस्पताल संचालक को तीन दिन का समय दिया गया था। नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर शुक्रवार को एसीएमओ डॉ.केपी सिंह ने टीम सहित अस्पताल पहुंचकर उसे सील कर दिया। साथ ही अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को हापुड़ सीएचसी रेफर करा दिया। जिले में अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे अस्पताल चल रहे हैं जो अब अधिकारियों की रडार पर हैं।
-
कथित मीडिया कर्मियों के नाम भी आए सामने
अस्पताल में छापा लगने के बाद से कई कथित पत्रकार मामले को मैनेज कराने में जुट गए। इससे पहले भी कई ऐसे मामलों में इन कथित पत्रकारों का नाम सामने आया था। हालांकि सीडीओ और सीएमओ के स्वत संज्ञान लिए जाने के बाद अस्पताल पर कार्रवाई हुई।
-
कोट -
अस्पताल सील हो चुका है, लेकिन यहां ऑपरेशन करने वालों की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। जांच शुरू कर दी गई है, ऐसे चिकित्सकों को भी नोटिस भेजा जाएगा।डॉ.केपी सिंह, एसीएमओ।