सिमरन शर्मा ने एमबीबीएस में किया टॉप
पिलखुवा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ द्वारा एमबीबीएस पाठ्यक्रम सत्र 2017-18 की तृतीय पार्ट- द्वितीय प्रोफेशनल पाठ्यक्रम वर्ष 2022 का परीक्षा परिणाम की श्रेष्ठा सूची जारी कर दी है। जिसमें जीएस मेडिकल कॉलेज की सिमरन शर्मा विश्वविद्यालय टॉपर बनीं है। इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा जारी अंतिम श्रेष्ठता सूची में प्रथम पांच स्थानों पर भी जीएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के छात्र-छात्रों को दबदबा रहा है।
संस्थान के उप निदेशक डॉ. अंकित बिज ने बताया कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत जीएस, सरस्वती, रामा, मुलायम सिंह समेत सात मेडिकल कॉलेज हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज की छात्रा सिमरन शर्मा ने 900 में से 702 अंक प्राप्त कर महाविद्यालय के साथ विश्वविद्यालय को भी टॉप किया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय द्वारा जारी की गई श्रेष्ठता सूची में नामित छह छात्रों में से कॉलेज के पांच छात्र-छात्राओं ने पहले पांच स्थान में जगह बनाई है।
उन्होंने बताया कि 690 अंक प्राप्त कर मिनहाजुल अबिदीन ने द्वितीय, 684 अंक लाकर सुमित मिश्रा चौथा और 674 समान अंक प्राप्त कर स्वेता विश्वकर्मा और इकरा कौशर ने पांचवा स्थान प्राप्त किया है। उपनिदेशक ने बताया कि उक्त सभी छात्र-छात्राओं को गत 15 दिसंबर को प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सम्मानित किया। इसके अलावा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सिमरन को विश्वविद्यालय की कुलपति संगीता शुक्ला द्वारा कुलपति श्रवण पदक, प्रमाण-पत्र और विशिष्ट योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है। कॉलेज की तरफ से श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को जल्द सम्मानित किया जाएगा। उपनिदेशक ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। संवाद