छिजारसी टोल पर एनएचएआई का फर्जी अधिकारी पकड़ा
पिलखुवा। छिजारसी टोल प्लाजा पर शुल्क से बचने के लिए चालकों ने विभिन्न तरह के फर्जी पहचान पत्र बनवा रखे है। बृहस्पतिवार को टोल कर्मियों ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के फर्जी टेक्निकल मैनेजर को पकड़ लिया। टोल शुल्क बचाने के लिए आरोपी ने कर्मियों पर रौब गालिब किया और जेब से आईकार्ड निकालकर दिखाया। जांच में पहचान पत्र फर्जी निकलने के बाद अधिकारियों और कर्मियों से माफी मांगने लगा। टोल कर्मियों ने आरोपी को छिजारसी पुलिस चौकी के हवाले कर दिया।
टोल टैक्स बचाने के लिए वाहन चालकों ने पुलिस, एनएचएआई, प्रशासनिक और अन्य सरकारी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों के फर्जी आईकार्ड बनवा रखे हैं। टोल से गुजरने के दौरान वह फर्जी आईकार्ड का प्रयोग करते हैं, हालांकि छिजारसी टोल प्लाजा पर इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। टोल प्लाजा के प्रबंधक सुधीर कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हापुड़ की तरफ से एक कार टोल प्लाजा की लैन पर पहुंची। वहां मौजूद कर्मी द्वारा टोल शुल्क मांगने पर कार सवार व्यक्ति ने रौब दिखाते हुए गाली-गलौच करनी शुरू कर दी और जेब से एनएचएआई के टेक्निकल मैनेजर का आईकार्ड दिखाया और अपने आपको दिल्ली के रोहिणी स्थित मुख्यालय में तैनात बताया। फर्जी आईकार्ड का शक होने पर कर्मी उसे लेकर टोल प्लाजा प्रबंधक के पास पहुंचा। प्रबंधक की जांच में आईकार्ड फर्जी पाए जाने पर पुलिस को बुला लिया गया। पोल खुलने पर आरोपी टोल कर्मी, प्रबंधक और पुलिस ने माफी मांगने लगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। टोल कर्मियों द्वारा अभी तक इस बाबत थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई है। बता दें कि गत दिनों एक दरोगा के फर्जी आईकार्ड के साथ युवक को भी टोल पर पकड़ा था।
छिजारसी टोल कर्मियों द्वारा कार चालक से बरामद एनएचएआई के टेक्निकल मैनेजर का फर्जी आईकार्ड।- फोटो : PILAKHWA