चोरों ने दो मकानों पर बोला धावा, लाखों के जेवर और नकदी चोरी
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव गालंद और मोहल्ला सफी में चोरों ने दो मकानों से लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। पीड़ितों ने मामले में थाने में तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गांलद निवासी प्रमोद कुमार तोमर ने बताया कि वह यूपीएसआईडीसी स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है। गत 21 अप्रैल की रात को परिवार के सभी सदस्य जंगल से भूसा ढुलाई का कार्य कर रहे थे। करीब सवा 11 बजे सभी थके होने के कारण घर पर आकर जल्दी सो गए। देर रात चोरों ने प्रमोद के मकान पर धावा बोल दिया। उस समय प्रमोद घर पर अकेला सो रहा था और उसकी पत्नी एवं बच्चे दूसरी ओर मां के पास सो रहे थे। आरोप है कि चोर घर में रखे सूटकेस को ले गए तथा अलमारी से कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने बताया कि चोर हजारों की नकदी के अलावा लाखों की कीमत के जेवर और सामान चोरी कर ले गए। सुबह मकान में सामान बिखरा मिला, शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
वहीं दूसरी घटना मोहल्ला सफी की मस्जिद स्थित मकान में हुई है। मोहल्ला निवासी शमशाद पुताई का काम करता है। उसकी मां रहीसा बीमार होने के कारण डासना स्थित एक अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार की रात वह मकान पर ताला लगाकर बीमार मां को देखने के लिए अस्पताल गया था। मकान पर ताला लगा देख चोरों ने धावा बोल दिया। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने चोरी होने की सूचना दी। पीड़ित शमशाद ने बताया कि चोर घर में रखी हजारों की नकदी और आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के बाद से लोगों में पुलिस के प्रति रोष है। वह रात्रि गश्त के नाम पर खानापूर्ति करने का आरोप लगा रहे है। लोगों ने एसपी से पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिनव सिंह पुंडीर का कहना है कि गालंद चोरी का मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध लगता है, पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।