बरात में ग्रामीणों और बरातियों में मारपीट
पिलखुवा। शहर से सटे गांव खेड़ा में रविवार को चढ़त के दौरान किसी बात को लेकर बरातियों और ग्रामीणों में मारपीट हो गई। इस मारपीट में दूल्हे के भाई समेत कई बराती चोटिल हो गए। आरोप है कि इन हमलावरों ने दूल्हे के भाई से कुछ नकदी, घड़ी और सोने की चेन लूट ली। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है।
रविवार को कोतवाली अंतर्गत खेड़ा गांव निवासी केशव जाटव की बेटी की शादी थी। दोपहर को मेरठ के गांव मामेपुर से बरात आई थी। शाम को चढ़त के दौरान किसी बात को लेकर बरातियों और ग्रामीणों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गया। इस मारपीट में दूल्हे के भाई सोम और मनोज समेत करीब दस लोग चोटिल हो गए। सोम का कहना है कि ग्रामीणों ने बरात पर लाठी-डंडे से हमला किया और उसके हाथ में लगे नकदी, घड़ी और सोने की चेन भी लूट ले गए हैं। पीड़ित ने मामले में तीन को नामजद करते कोतवाली पर तहरीर दी हैं।
कोतवाली के एसएसआई महंथराज यादव का कहना है कि दूल्हे के भाई सोन ने तीन को नामजद करते तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांचोपरांत साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।