बंदी में दुकान खोलने पर पांच के खिलाफ मुकदमा
पिलखुवा। साप्ताहिक बंदी में दुकान खोलकर ग्राहकों को सामान बेचने और स्वयं व ग्राहकों द्वारा मास्क नहीं लगाने पर पुलिस ने पांच दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि शनिवार को पुलिस टीम कोरोना नियमों और लॉकडाउन का पालन कराने के लिए शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने गांधी बाजार स्थित प्रदीप किसान स्टोर को खुला देखा, जिस पर ग्राहकों और दुकानदार ने मास्क नहीं लगा था। पुलिस को देखकर ग्राहक भाग गए। पुलिस ने दुकान को बंद कराकर दुकान स्वामी कृष्णगंज निवासी प्रदीप कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हैं।
इसी क्रम में पुलिस ने जवाहर बाजार स्थित प्रेमपाल कपड़ा की दुकान व पवन पंसारी रमपुरा रोड स्थित सौरभ और शगुन स्वीट्स भंडार की दुकानें खुली मिली। जिस पर दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी थी। दुकानदार और ग्राहकों द्वारा मास्क नहीं लगाया गया था साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके चलते पुलिस ने दुकानों को बंद करा दिया। दुकान स्वामी क्रमश: प्रेमपाल, रमपुरा रोड निवासी सैंकी, जटपुरा निवासी सौरभ और पबला निवासी दिनेश के खिलाफ कोविड-19 महामारी अधिनियम और साप्ताहिक बंदी का पालन नहीं करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।