पिलखुवा सीएचसी में बनकर तैयार हुआ ऑक्सीजन प्लांट
पिलखुवा। पबला रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो गया है। इसका संचालन अगले सप्ताह शुरू हो जाएगा। प्लांट को विद्युत सप्लाई देने के लिए फिटिंग और ट्रांसफार्मर लगाने का काम शेष रह गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री और सांसद जनरल वीके सिंह इसका उद्घाटन करेंगे।
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत से मरीजों की जान पर बन गई थी। ऑक्सीजन की कमीन के कारण मरीजों की मौत भी हुई। हालांकि संक्रमण कम हो गया है, लेकिन तीसरी लहर के आने की संभावना को देखते हुए शासन ने सभी सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट बनाने के आदेश दिए थे। हापुड़ के जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनकर पहले ही तैयार हो गया था अब पिलखुवा के पबला रोड स्थित सीएचसी में भी प्लांट लगभग बनकर तैयार हो गया है। शुक्रवार को अस्पताल में ऑक्सीजन सिलिंडर स्थापित किए गए हैं।
मेरिनो कंपनी द्वारा ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है। कार्यदायी संस्था के मुताबिक प्लांट में अब बिजली की फिटिंग और ट्रांसफार्मर लगवाने का काम शेष रह गया है। इसके अलावा कुछ तकनीकी कार्य है जिन्हें कराया जा रहा है। अगले सप्ताह तक प्लांट तैयार हो जाएगा।
50 बेड पर सप्लाई होगी ऑक्सीजन
अस्पताल में पचास बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई होगी। प्लांट का काम लगभग पूरा हो गया है। अगले सप्ताह तक काम पूरा होने की उम्मीद है। प्लांट का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह द्वारा किया जाएगा।
- डॉ. प्रमोद कुमार, प्रभारी चिकित्सक, सीएचसी पिलखुवा।