पिलखुवा में सड़कों व नालों के लिए आठ करोड़ मंजूर
पिलखुवा। शहर में विकास कार्यों के लिए डीएम अनुज सिंह ने 15वें वित्त के तहत आठ करोड़ के बजट की स्वीकृति दे दी है। बजट से शहर में जर्जर सड़कों, नालों, विद्युत शवदाह गृह, बिजली आदि के काम होंगे। नगर पालिका द्वारा जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पिछले ढाई वर्षों से नगर पालिका का विकास पालिकाध्यक्ष, ईओ व सभासदों की आपसी खींचतान के कारण रुका हुआ था। पिछली चार बोर्ड बैठक भी सभासदों के विरोध के चलते नहीं हो पाईं, जिसके कारण 75 करोड़ का बजट पास नहीं हो पाया। हालांकि शहरवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि 15वें वित्त के तहत डीएम ने पिलखुवा पालिका को आठ करोड़ के बजट की स्वीकृति दे दी है।
यहां होंगे काम
पालिकाध्यक्ष गीता गोयल ने बताया कि 15वें वित्त के अंतर्गत करीब आठ करोड़ रुपयों से शहर में विकास कार्य होने है। इसमें गांधी रोड की सड़क, भोलापुरी पुलिया से रेलवे रोड क्रासिंग की सड़क, इस्लाम नगर का नाला, 150 सोलर लाइट सीसीटीवी सहित, 100 सीसी विद्युत पोल, मोहन नगर में पानी की लाइन, आरओ प्लांट, विद्युत शव दाह गृह, कूड़ा निस्तारण आदि का कार्य होना है। पालिका द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों की अनुमानित लागत के साथ सूचनी तैयार कर डीएम की अनुमति के लिए पत्रावली भेजी गई थी। जिसे डीएम द्वारा अनुमति दी जा चुकी है। पत्रावली मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।