अपशब्द बोलने पर गला दबाकर की थी बिजेन्द्र की हत्या
पिलखुवा। तीन दिन पूर्व हुई किसान की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। किसान द्वारा आए दिन शराब पीकर आरोपियों से गाली-गलौज करने के कारण उसकी हत्या करने का अपराध स्वीकार किया हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्याकांड में प्रयुक्त प्लास्टिक की एक रस्सी बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा हैं। परिजनों ने चुनावी रंजिश के चलते किसान की हत्या करने का आरोप लगाया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिखेड़ा में गत 27 जून को ट्यूबवैल पर सो रहे किसान बिजेन्द्र की मारपीट और रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई सत्यपाल ने चुनावी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में नौ लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके चलते बुधवार को पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर किसान हत्याकांड का पर्दाफाश किया हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना के बताया कि किसान बिजेन्द्र की हत्या के नामजद आरोपी गोविन्दा, टीटू और नरदेव को गिरफ्तार किया गया हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने किसान द्वारा गाली-गलौज करने के कारण गांव में बेइज्जती महसूस करने पर हत्या करने का अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त प्लास्टिक की रस्सी बरामद की हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम को रवाना किया गया हैं।