मालिक गया बाहर तो साथियों को बेच दिया तीन क्विंटल सरिया
धौलाना। बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम करने वाले नौकर ने मालिक की गैर मौजूदगी में अपने गांव के लोगों को दुकान से चोरी कर तीन क्विंटल से अधिक सरिया के चार बंडल बेच दिए। दुकान मालिक ने शक होने पर सामान बेचने जा रहे नौकर के दोस्तों को सामान सहित पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने चार लोगों को जेल भेजा है। मालिक को पहले से ही चोरी का श था, जिस कारण उसने बाहर जाने का बहाना बनाया था।
ग्राम ककराना निवासी यशपाल सिंह एनटीपीसी-धौलाना मार्ग पर बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान चलाते हैं। दुकान पर गांव नंदपुर निवासी शमीम कई साल से काम करता है। नौकर पर विश्वास कर दुकान मालिक यशपाल सिंह अक्सर दुकान उसके भरोसे छोड़कर अपने काम निपटाने के लिए बाहर जाते रहे हैं। यशपाल सिंह ने बताया कि दुकान पर सामान चोरी का शक होने पर उन्होंने नौकर को बताया कि वह कहीं बाहर जा रहे हैं। नौकर शामीन ने उनके जाने के बाद अपने गांव के मिंटू, बच्चन व नेमपाल को तीन क्विंटल से अधिक सरियों के चार बंडल बेच दिए। यशपाल सिंह ने बताया कि दुकान से सरिया से लदा रिक्शा लेकर मिंटू, बच्चन व नेमपाल देहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने उस सरिये से भरे रिक्शे को आरोपियों समेत पकड़ लिया।
उन्होंने तीनों को पुलिस को सौंपा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में नौकर शामीन उसके साथी मिंटू, बच्चन व नेमपाल से चोरी का सरिया बरामद कर जेल भेजा है।