डूहरी में महिला प्रधान प्रत्याशी पर हमला
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव डूहरी में चुनाव प्रचार कर देर रात घर लौट रहीं प्रधान पद की प्रत्याशी पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें प्रत्याशी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़िता ने अज्ञात हमलावार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डूहरी ग्रामप्रधान पद के लिए ऋतु तोमर उम्मीदवार हैं। थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब एक बजे प्रधान पद की प्रत्याशी ऋतु तोमर प्रचार कर वापस घर लौट रही थी। आरोप है कि गांव में धर्मवीर सिंह तोमर के मकान के पास किसी अज्ञात द्वारा प्रत्याशी पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़िता का कहना है कि रात में अंधेरा होने के कारण हमलावर को वह पहचान नहीं सकीं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। शीघ्र ही हमलावर को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।