छात्रा से छेड़छाड़ करने पर युवक की जमकर हुई धुनाई
पिलखुवा। स्कूल से घर जा रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ करना बाइक सवार युवक को भारी पड़ गया। छात्रा ने युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद अन्य छात्राओं ने मिलकर जमकर धुनाई की। लोगों की भीड़ आती देख आरोपी छात्राओं के चंगुल से छूटकर भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी कक्षा 11 की छात्रा हैं। वह शहर के एक स्कूल में पढ़ती है। बुधवार दोपहर वह गांव की अन्य छात्राओं के साथ स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर लौट रही थी। रास्ते में परतापुर रोड पर बाइक सवार युवक ने छात्रा को रोक लिया तथा उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा ने जब विरोध किया तो वह अभद्रता करने लगा। तभी पीड़िता ने अन्य छात्राओं के साथ मिलकर युवक को पकड़कर बाइक से गिरा दिया। जिसके बाद उसकी जमकर धुनाई करनी शुरू कर दी। छात्राओं के शोर मचाने पर राहगीरों को अपनी ओर आता देख आरोपी युवक मौके से भाग गया। लोगों ने छात्राओं को उत्साह वर्धन करते हुए समझाकर घर भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।