उपचार के दौरान मजदूर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
पिलखुवा। हाईवे स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया। बाद में परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ले गए।
सहारनपुर की कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव लखनोति खुर्द निवासी संजीव उर्फ संजय गाजियाबाद के थाना मसूरी क्षेत्र के गांव निडोरी में अकेला रहता हैं। वह मजदूरी करता था। सोमवार की रात शराब के नशे में वह गांव के बच्चों के साथ झूला झूल रहा था। झूलते समय संजीव गिर गया, जिससे उसकी गर्दन में चोट आई। ग्रामीणों ने उसे उपचार के लिए पिलखुवा में हाईवे स्थित एक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। मामले की सूचना उसके परिजनों को दी। सोमवार की रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाबुझाकर मामला शांत कराया। बाद में मृतक के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को सहारनपुर ले गए।
कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों को समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया है। बाद में मृतक के परिजन स्वेच्छा से बिना पोस्टमार्टम कराए शव को ले गए। इस संबंध में परिजनों द्वारा मसूरी पुलिस को तहरीर भी दी गई हैं।