चेयरमैन के खिलाफ आज से भूख हड़ताल पर बैठेंगे सभासद
पिलखुवा। पिलखुवा नगर पालिका में फैले भ्रष्टाचार व नगर पालिका चेयरमैन के खिलाफ सभासद बृहस्पतिवार से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। मंगलवार को सभासदों ने एकमत होकर इसका निर्णय लिया। वहीं इस दौरान धरना स्थल पर पालिकाध्यक्ष ने सभासदों की सभी मांगों को मानने के अलावा धरना समाप्त करने का आग्रह किया लेकिन सभासद नहीं माने तथा धरना जारी रखा। इसके कारण नगर पालिका में कोई काम नहीं हो सका। वहीं आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पहुंचकर सभासदों को समर्थन दिया।
नगर पालिका पिलखुवा में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ लामबंद हुए सभासद मंगलवार से पालिका कार्यालय में ताला जड़कर धरने पर बैठे हुए हैं। धरने के चलते पालिका कार्यालय में भी लगातार दूसरे दिन ताला लगा रहा। जिसके चलते पालिका के सभी सरकारी कार्य ठप पड़े हैं। धरने पर बैठे सभासदों ने पालिका के अधिशासी अधिकारीएवं अन्य अधिकारी और कर्मचारियों को कार्यालय में नहीं जाने दिया। बुधवार की सुबह सीओ पिलखुवा डा. तेजवीर सिंह और अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने सभासदों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद पालिकाध्यक्ष गीता गोयल ने धरना स्थल पर पहुंच सभासदों को समझाने का प्रयास किया। पालिकाध्यक्ष ने सभी मांगों को बिना किसी शर्त मनाने का लिखित में आश्वासन भी दिया, लेकिन सभासदों ने पालिकाध्यक्ष को यह कहकर वापस लौटा दिया कि उनकी बातों को विश्वास नहीं है। सभासदों ने कहा कि डीएम हापुड़ और पालिकाध्यक्ष दोनों एक साथ धरनास्थल पर आकर आश्वासन दें तभी धरना समाप्त होगा। हालांकि इसके बाद सभासदों ने बृहस्पतिवार से भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया। सभासद संजीव शर्मा उर्फ गुड्डू ने बताया कि बृहस्पतिवार से प्रत्येक दिन पांच-पांच सभासद भूख हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान सुशील तोमर, संजीव शर्मा गुड्डू, विकास तोमर, लोकेश प्रजापति, अंशुल मित्तल, डा. प्रदीप, प्रेम सिंह कोरी, ओम वीर प्रजापति, चेतन राणा, मनोज तोमर हेडली, अमरीन बानो, लोकेश, प्रेमचंद कोरी, सबीला बेगम, सुनीता देवी समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।
----
सभासदों के समर्थन में उतरी आम आदमी पार्टी
बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं धौलाना विधानसभा प्रभारी सीएम चौहान के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता नगर पालिका परिसर में पहुंचे और सभासदों को समर्थन देने का ऐलान करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि पिलखुवा पालिका पहले से भ्रष्टाचार के लिए बदनाम है। पिछले दिनों बिना सड़क बनाए ठेकेदार को 26 लाख रुपये का भुगतान करने का मामला सुर्खियों में रहा है। जिस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। इसके अलावा पालिका कर्मी द्वारा ठेकेदार का भुगतान करने को एक लाख रूपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन द्वारा गिरफ्तार किया जाना तथा फर्जी कागजों पर बैंक से लोन ले लेना जैसे मामले शामिल हैं।
----
पालिका परिसर के बाहर खड़े रहे पालिकाकर्मी
पालिका परिसर में मंगलवार से सभासदों के चल रहे धरना प्रदर्शन और उनके द्वारा कार्यालय की ताला बंदी के बाद बुधवार को दूसरे दिन भी पालिका कर्मी बाहर रहे। इसी के चलते पालिका में कोई काम नहीं हुआ। कर्मचारी पूरे दिन पिलखुवा फ्लाइओवर के नीचे पालिका परिसर के सामने खड़े रहे।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार का कहना है कि धरना समाप्त कराने का प्रयास किए जा रहा है। उन्होंने बताया कि 14वें और 15 वें वित्त के विकास कार्य पालिकाध्यक्ष की संस्तुति नहीं होने के कारण रुके पड़े है। सभासद उनकी स्वीकृति को लेकर मांग कर रहे हैं। इस संबंध में पालिकाध्यक्ष से बातचीत चल रही है। शीघ्र ही समस्या का निस्तारण करा धरना समाप्त करा दिया जाएगा।
सीओ पिलखुवा डॉ. तेजवीर सिंह का कहना है कि पालिका के अधिशासी अधिकारी को सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले सभासदों के खिलाफ तहरीर देने के लिए कहा गया है। यदि उनके द्वारा तहरीर दी जाती है, तो रिपोर्ट दर्ज कर धरने पर बैठे सभासदों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पालिकाध्यक्ष गीता गोयल ने बताया कि सभासदों की सभी मांगो को मानने का लिखित आश्वासन दिया गया, लेकिन वह जिलाधिकारी को धरना स्थल पर बुलाने की मांग पर अडे़ हैं। उन्होंने कहा कि उनके स्तर पर निर्माण कार्यों की कोई फाइल नहीं रुकी है।