छिजारसी टोल पर पुलिस के रोकने पर भड़के किसान
पिलखुवा। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए मंगलवार को दिल्ली जा रहे बिजनौर एवं आस पास क्षेत्र के किसानों को पुलिस ने छिजारसी टोल पर तीन घंटे तक रोके रखा। इस दौरान पुलिस से नोकझोंक भी हुई। काफी देर तक हंगामे के बाद अधिकारियों ने उन्हे आराम से टोल पार करने दिया। किसानों ने पैदल ही टोल पार किया जबकि पीछे-पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजरे।
दिल्ली आंदोलन में शामिल होने जा रहे किसानों को रोकने के लिए पिछले कई दिनों से छिजारसी टोल पर पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी रोजाना किसानों को समझाकर वापस भेज रहे थे। लेकिन मंगलवार को किसानों के गुस्से के सामने पुलिस के सभी प्रयास विफल रहे। मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे छिजारसी टोल पर बिजनौर, धामपुर समेत कई क्षेत्रों के किसान दिल्ली जाते समय छिजारसी टोल पर पहुंचे। सूचना पर एएसपी, एसडीएम, सीओ, कोतवाल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने किसान नेताओं को रोक लिया और वापस जाने के लिए कहा। जिस पर किसानों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। लगभग तीन घंटे तक पुलिस एवं किसान नेताओं के बीच गहमा-गहमी होती रही। लेकिन, किसान दिल्ली जाने की जिद पर अडे़ रहे। किसानों को गुस्सा बढ़ता देख अधिकारियों ने टोल पार करने दिया। जिस पर किसानों ने पैदल ही टोल पार किया। इसके बाद उनके पीछे-पीछे खाली ट्रैक्टर-ट्राली निकले। जिसके बाद सभी किसान दिल्ली की ओर रवाना हो गए। । वहीं पुलिस अधिकारियों ने किसानों को टोल पार करने की बात को सिरे से नकार दिया। उन्होंने बताया कि जो किसान आए थे, सभी को वापस भेज दिया गया।