छिजारसी टोल प्लाजा के दोनों ओर लगा वाहनों का लम्बा जाम, चालक बेहद परेशान
पिलखुवा। छिजारसी टोल प्लाजा पर रविवार को वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में फंसकर वाहन चालक घंटों परेशान हुए। वहीं टोल पर तैनात कर्मचारी भी लोगों को जाम से निजात नहीं दिला पाए। देर रात तक टोल पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
छिजारसी टोल प्लाजा पर जाम की समस्या आम हो गई है। प्लाजा कर्मी भी टोल पर लगने वाले जाम से वाहन चालकों को निजात नहीं दिला पा रहे हैं। टोल पर लगने वाला जाम कैशलेन में ही नहीं फास्टैग लेन में भी लग रहा है। वाहन चालकों का कहना हैं कि प्लाजा पर शुल्क देने के बावजूद भी आए दिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। रविवार को भी वाहन चालकों को टोल से निकालने में लगभग एक घंटा लग रहा था। टोल पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। टोल कर्मचारियों के अनुसार वाहनों का लोड अधिक बढ़ने के चलते टोल पर जाम लग गया। वहीं वाहन चालकों ने बताया कि टोल पर फास्टैग की लेन में बड़े वाहन गलत तरीके से लगे हुए थे। इसके चलते जाम की समस्या हो रही थी। लेकिन जाम खुलवाने के लिए टोल पर कर्मचारी प्रयास नहीं कर रहे थे। जिसके चलते जाम बढ़ता चला गया। बता दें कि प्लाजा पर कुल 20 लेन हैं। इनमें से 16 लेन में फास्टैग, दो इमरजेंसी और दो कैशलेन की लेन हैं। टोल पर फास्टैग वाले वाहनों की 16 लेन होने के बावजूद भी चालकों को जाम से जूझना पड़ता है। जाम के कारण प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। जाम में फंसे वाहन चालकों का कहना है कि रविवार को शाम लगभग आठ बजे से जाम जगना शुरू हो गया था। जो देर रात तक लगा रहा। इस दौरान वाहन चालक घंटो परेशान रहे। जाम नहीं खुलने पर कर्मचारियों ने इलेक्ट्रिक हैंडिड मशीनों के जरिये टोल वसूला। लेकिन इसके बाद भी वाहन चालकों को राहत नहीं मिली।
कोट
टोल प्लाजा के प्रबंधक शेषनाथ ने बताया कि रविवार को शादी के सीजन और छुट्टी का दिन होने के चलते वाहनों का दबाव ज्यादा था। इसके चलते जाम की समस्या बनी। कहा कि फास्टैग कार्ड वाली लेन में बिना कार्ड वाले वाहनों के आने से भी जाम लगा। बताया कि कुछ देर के लिए प्लाजा को फ्री कर जाम को खुलवा दिया गया।