शराबी को समझा अपहरणकर्ता, की जमकर धुनाई
पिलखुवा। शहर की पबला रोड स्थित एक फैक्टरी के पास बच्चे को गोद में लेकर खिलाना एक शराबी को भारी पड़ गया। लोगों ने उसे बच्चे का अपहरणकर्ता समझकर दबोच लिया और धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सौंपा। सुबह पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद उसे रिहा किया।
नगर पालिका परिषद के सभासद इरशाद मलिक की पबला रोड पर फैक्टरी है। सभासद इरशाद ने बताया कि फैक्टरी परिषद में अलीहसन नाम के व्यक्ति का परिवार रहता है। शुक्रवार देर शाम को अलीहसन का बेटा फैक्टरी के बाहर खेल रहा था। इसी बीच अलीहसन ने देखा कि एक व्यक्ति उसके बेटे को गोद में ले रखा है। उक्त व्यक्ति द्वारा बेटे का बेटे अपहरण करना समझ अलीहसन ने शोर मचाते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर लोग एकत्र हो गए और उन्होंने शराबी व्यक्ति को पकड़ लिया। लोगों ने उक्त व्यक्ति की जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उक्त शराबी को जांच के चलते सारी रात हवालात में रखा। शनिवार की सुबह होश में आने पर जांच पड़ताल के बाद उक्त शराबी व्यक्ति को हिदायत देकर छोड़ा दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि व्यक्ति शराब के नशे में था और बच्चे को गोद में लेकर खिलाने लगा था। जबकि लोगों ने समझा कि वह बच्चे का अपहरण कर ले जा रहा है। मामले की जांच पड़ताल के बाद हकीकत का पता चलने के बाद उसे छोड़ दिया गया है।