पुलिस गिरफ्त में दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजने की धमकी देकर रूपयों की उगाही करने के आरोपी।
- फोटो : PILAKHWA
हनी ट्रैप मामले में महिला समेत दो गिरफ्तार
पिलखुवा। फेसबुक के माध्यम से युवकों को दोस्त बनाकर फर्जी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा जेल भेजने की धमकी देकर रुपयों की उगाही करने वाले गिरोह की एक युवती समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा गया हैं। पुलिस ने आरोपियों से 50 हजार रुपये भी बरामद किए है। हनी ट्रैप मामले में उक्त गिरोह के तीन साथी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि हापुड़ के बैंक कॉलोनी चमरी निवासी विजय सिंह ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि उसकी फेसबुक आईडी पर माही राणा नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। जिसे उसके द्वारा स्वीकार कर लिया गया। उसके दोनों के बीच बातचीत होने लगी। गत 15 सितंबर को माही राणा ने विजय को दिनेश नगर स्थित एक प्लाट पर बुलाया। जब विजय वहां पर पहुंचा तो पहले से बबीता, तानिया उर्फ सरिता, हरकेश, नीरज मिले। वहां पहुंचने पर उसे विजय को पता चला कि माही राणा का असली नाम संगीता उर्फ गुड्डी हैं। आरोप है कि उन्होंने मिलकर विजय को धमकाया और दुष्कर्म की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा जेल भेजने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की। जेल जाने के डर से विजय ने एक लाख रुपये, सोने की चेन व अंगूठी उन्हें दे दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी विजय से एक लाख रुपये ओर देने का दबाव बना रहे थे। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में पुलिस ने डूहरी पेट्रोल पंप के पास से गांव कांवी निवासी नीरज और मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी संगीता उर्फ गुड्डी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पचास हजार रुपये भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने उक्त अपराध स्वीकार किया हैं। आरोपियों को जेल भेज दिया है। फरार तीनों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम को भेजा गया हैं।