सड़क पार कर रही वृद्घा को कार ने कुचला, मौत
पिलखुवा। नेशनल हाइवे स्थित एक मेडिकल कॉलेज से दवा लेकर सड़क पार कर रही एक वृद्घ महिला को कार ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम को जिला मुख्यालय भेजा है। मृतका के बेटे ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उक्त घटना से मृतका के घर मे कोहराम मचा हुआ है।
हापुड़ के मोहल्ला गांधी विहार निवासी 74 वर्षीय वृद्घा इलिजबत पत्नी अर्जुन सिंह बृहस्पतिवार की दोपहर पिलखुवा नेशनल हाइवे स्थित एक मेडिकल कॉलेज से दवा लेने आई थी। घर वापस जाने के दौरान वृद्घा अपनी बेटी के साथ अनवरपुर कट के पास सड़क पार कर रही थी, उसी समय गाजियाबाद की ओर से तेज गति से आई एक कार ने महिला को टक्कर मारकर कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के बेटे रेमसन ने थाना पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।