गन्ना भुगतान के लिए किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
धौलाना। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में मंगलवार को महापंचायत का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों से किसानों ने बिजली बिलों में गड़बड़ी, गन्ना भुगतान आदि मांगों को लेकर लिखित आश्वासन मांगा। अधिकारियों ने किसानों को लिखित आश्वासन देने में असमर्थता जताई, जिसपर किसानों का गुस्सा भड़क गया। भड़के किसानों ने तहसील परिसर में ही अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत कर दी। किसानों ने चेतावनी दी की अधिकारियों की ओर से लिखित आश्वासन मिलने तक उनका धरना जारी रहेगा।
सुबह दस बजे किसानों की महापंचायत की शुरुआत हुई। इस मौके पर भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता ललित राणा ने कहा कि किसानों की बात करने वाली सरकार के शासन में किसानों का हाल बेहाल है। किसानो की सुध लेने वाला कोई नहीं है। किसानों की समस्याएं इस कदर बढ़ रही है, कि किसान आर्थिक रूप से बेहाल हो दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है। गरीब की हाय और फसलों को उजाड़ते आवारा पशु सरकार पर भारी पडे़गा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह ने कहा कि सरकार झूठे वादे और नाम मात्र की घोषणा कर वाहवाही लूटने में लगी है। किसानों की समस्याएं इस कदर बढ़ रही है कि किसान आर्थिक रूप से बेहाल हो दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र यादव व जिलाध्यक्ष सुशील राणा संयुक्त रूप से क्षेत्र के गांवों में बिजली की जर्जर हो चुकी लाइनों को बदलवाने, बिजली के नए मीटर लगाने और बंद पडे मीटरों को चालू कराने, आवारा पशुओं को पकड़ने, गन्ने की फसल का भुगतान, नए व पुराने बांड चालू कराने, बिजली बिल में गड़बड़ी को शुद्ध कराने, तेजी से दौड़ रहे बिजली के मीटर ठीक कराने, किसानों के बकाया गन्ना भुगतान आदि की मांग उठाई गई।
किसानों का काफिला देख अधिकारियों के उड़े होश
- अधिकारियों को महापंचायत में इतनी बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद नहीं थी। सुबह दस बजे से शुरू हुई महापंचायत में किसानों की संख्या बड़ती गई। दोपहर तीन बजे तक करीब ढाई सौ से अधिक किसान महापंचायत में पहुंच गए। इस दौरान किसानों की फौज देख अधिकारियों के होश उड़ गए।
एसडीएम ने सुनी किसानों की समस्या, नहीं बनी बात
- तहसील दिवस संपन्न होने के बाद पहुंचे एसडीएम ने घंटों किसानों के बीच बैठ उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बृजनाथपुर शुगर मिल के प्रबंधक सुनील कुमार डींगरा, जिला गन्ना अधिकारी, बिजली विभाग के एसडीओ अश्वनी बेदी, क्षेत्राधिकारी चकबंदी संतोष तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे। इस दौरान किसानों ने अधिकारियों से समस्याओं के निस्तारण के लिए लिखित आश्वासन देने की मांग की। इसपर अधिकारियों द्वारा असमर्थता जताई गई। जिसमें बाद किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह, संरक्षक ओमी लाल आर्य ,प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र यादव, मंडल अध्यक्ष राजेश यादव, जिलाध्यक्ष सुशील राणा , जिला उपाध्यक्ष हेम सिंह तोमर, तहसील अध्यक्ष आकिल पहलवान , ठाकुर वेद पाल , रमेश सोम, विक्त्रस्म सोम, देवराज सिंह, सुंदर यादव सिकंदरपुर प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद यादव नवबहार सिंह जिला अध्यक्ष बिजनौर चंद्र चंद्र चेयरमैन कृष्णपाल सिंह ,राधे ठाकुर, अभय चौहान, सन्दीप बाला ,रामपाल शर्मा डॉक्टर वकील ब्लॉक प्रवक्ता, इस दौरान संगठन के प्रतिनिधि राजेन्द्र यादव, रमेश रावल ,ब्रहम सिंह, रामपाल शर्मा, दीपक सोम अफसर, सगीर ठेकेदार,आकिल पहलवान, सुनील अडवाणी आदि किसान मौजूद रहे।
देर शाम पहुंचे बसपा विधायक, दिया समर्थन
- किसानों के बीच देर शाम बसपा विधायक असलम चौधरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भी किसानों को अपना समर्थन दिया। कहा कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण को अधिकारी गंभीर नहीं है। इसके चलते किसान परेशान हो रहे हैं।
रजाई गद्दा लेकर पहुंचे किसान
- अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसान रजाई गद्दा लेकर पहुंचे थे। किसानों ने कहा कि जबतक उनकी समस्याओं के निस्तारण के संबंध में अधिकारी जवाब नहीं देंगे वह धरनास्थल से नहीं हिलेंगे।
मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन
- किसानों ने गन्ने का तुरंत भुगतान, किसानों की वार्षिक आय सुनिश्चित किए जाने, 50 वर्ष की आयु के बाद किसान को मासिक पेंशन पांच हजार रुपये दिए जाने आदि मांगों को लेकर एसडीएम धौलाना को ज्ञापन सौंपा।