अश्लील फब्तियां कसने पर महिला ने ऑटो चालक को पीटा
पिलखुवा। जिंदल नगर के पास अश्लील फब्तियां कसने पर एक महिला ने ऑटो चालक की पिटाई कर दी। माफी मांगने पर लोगों ने ऑटो चालक को महिला के चंगुल से छुड़ाया। बुधवार की सुबह गाजियाबाद निवासी एक महिला लाल कुंआ से ऑटो में बैठकर हापुड़ जा रही थी। ऑटो में ज्यादातर सवारी मसूरी में ही उतर गई थी। ऑटो में अकेली महिला को देख चालक अश्लील फब्तियां कसने लगा। विरोध करने पर भी चालक नहीं माना। रास्ते में जिंदल नगर के पास महिला ने ऑटो रूकवा लिया और चालक को नीचे उतार मारपीट शुरू कर दी। मामले को देख आस पास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने महिला को काफी समझाया लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद चालक द्वारा माफी मांगने पर महिला का गुस्सा शांत हुआ। लोगों ने चालक का ऑटो मुड़वाकर गाजियाबाद की तरफ भेज दिया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उनके पास कोई तहरीर नही आई हैं। अगर आती है तो आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।