मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि, मोहल्ले में तनाव
पिलखुवा। पिलखुवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी निवासी ढाई साल की बच्ची के साथ पड़ोसी युवक द्वारा दुष्कर्म किया गया था। मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद मोहल्ले के दो पक्षों में तनाव का माहौल है। इसे देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
कस्बा की एक कालोनी निवासी युवक बृहस्पतिवार की शाम ढाई वर्ष की मासूम बच्ची को बहला फुसलाकर खेत पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने बिलखने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पीड़िता का बीती रात मेडिकल परीक्षण कराया था। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश बालियान ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म होना पाया गया है। पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे पुलिस सुरक्षा में इलाज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता बच्ची के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया है। बताया कि घटना के बाद मोहल्ले में दो पक्षों में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।