लूट की योजना बना रहे बदमाशों व पुलिस में मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
पिलखुवा। नए गांव अहमपुर कट के पास लूट की योजना बना रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाश से एक तमंचा, दो खोखा व फर्जी नंबर लगी एक बाइक बरामद हुई है। सूचना मिलने के बाद सीओ पिलखुवा मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने सरकारी अस्पताल धौलाना में बदमाश का उपचार कराया। दोनोें बदमाशों के खिलाफ कई थानों में दर्जनों लूटपाट के मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार की सुबह करीब 4.50 बजे पिलखुवा कोतवाली पुलिस हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि नए गांव अहमपुर कट के पास दो बदमाश लूट की योेजना बना रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम बदमाशों को पकड़ने चल पड़ी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस को पीछे देख गोली चला दी। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मौके पर एक बदमाश शहनबाज पुत्र हाजी भूरा कुरैशी निवासी हापुड़ बुलंदशहर रोड स्थित कोटला मेवतियान के सीधे पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश फैजान पुत्र गुलाब निवासी आवास विकास कालोनी हापुड़ अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।
सूचना मिलने के बाद सीओ संतोष कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल धौलाना में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी योगेश बालियान ने बताया कि ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश शहनबाज पुत्र हाजी भूरा कुरैशी निवासी हापुड़ बुलंदशहर रोड स्थित कोटला मेवतियान से एक तमंचा 315 बोर, 2 खोखे, 3 जिंदा कारतूस व बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ हापुड़, गाजियाबाद सहित कई थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश फैजान पुत्र गुलाब की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी गई है।
बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ योगेश बालियान, एसएसआई महेंद्र त्रिपाठी, एसआई अजब सिंह, रामसमझ राणा, उदय सिंह, पूरन सिंह, संजीव कुमार शामिल रहे।