फैक्ट्री मजदूर और सुरक्षा कर्मी पर गिरा गेट, इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
धौलाना। औद्योगिक क्षेत्र स्थित फेस टू में संचालित एक फैक्ट्री का गेट खोलने के दौरान मजदूर और सुरक्षा कर्मी गेट के नीचे दबकर लहूलुहान हो गए। घायलों को आनन-फानन में पिलखुवा स्थित राम अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद दोनों परिवार में मातम पसरा है।
गांव दीनानाथपुर पूठी निवासी तेजवीर सिंह औद्योगिक क्षेत्र स्थित फेस टू फैक्ट्री में आलमदार फैब्रिकेटर प्राइवेट लिमिटेड में एल्युमिनयम के गार्टर, शीट, ब्लाकस आदि का काम किया जाता है। फैक्ट्री के स्टोर कीपर अबे चंद्र मिश्रा ने बताया की सुबह करीब 10:30 बजे कंपनी गेट पर एक वाहन पहुंचा उसे अंदर लेने के लिए सुरक्षाकर्मी तेजवीर सिंह, निवासी दीनानाथपुर पूठी, थाना मसूरी जिला गाजियाबाद व मौके पर खड़े कंपनी के हेल्पर फिरोज पुत्र साबू निवासी कांवी, थाना पिलखुवा ने जैसे स्लाइडिंग वाला गेट आगे- पीछे किया तो अचानक गेट भरभरा कर उन दोनों के ऊपर गिर गया। गेट गिरने की आवाज सुनकर कंपनी के मजदूरों ने दोनों लोगों को आननफानन में गेट के नीचे से निकाला। लहूलुहान दोनों की हालत गंभीर होने पर कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के हाथपांव फूल गए। घायलों को लेकर कंपनी प्रबंधन के लोग पिलखुवा स्थित राम अस्पताल में उपचार हेतु ले गए। इलाज के दौरान फिरोज व तेजवीर ने दम तोड़ दिया।
कंपनी में हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने घटनास्थल का मुआयना किया देर शाम तक मृतकों के परिजनों के द्वारा कोई भी तहरीर थाने में नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------
जान जोखिम में डालकर काम कर रहे मजदूर
धौलाना। सुरक्षा के नियमों की अनदेखी कर मजदूरों की जान जोखिम में डालकर उनसे काम करा रहे फैक्ट्री संचालकों द्वारा मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में जिसके चलते आए दिन हादसों में मजदूर अपनी जान गवां रहे हैं। मजदूरों पर सेफ्टी शूज, सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट तक नहीं है।