स्कूली बस के ऊपर गिरा 11 हजार केवी का तार, बचा हादसा
धौलाना। पारपा में संचालित श्री चंद इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के बस चालक की लापरवाही से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर लेकर लौट रही स्कूल बस चालक की लापरवाही के चलते ग्यारह हजार की लाइन के खंभे से टकरा गई। लाइन बस के ऊपर गिर गई बिजली के खंभे में टक्कर लगते ही बस में बैठे बच्चों में हड़कंप मच गया और बच्चों की चीखें निकल पड़ी।
गांव पारपा संचालित श्री चंद इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल बस चालक सलीम निवासी पारपा बच्चों को लेकर छुट्टी के बाद उनके घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान गांव से के रास्ते पर चालक की लापरवाही के चलते बस बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर लगते ही बस खेत में जा उत्तरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में बैठे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने आनन-फानन में बस की खिड़कियां खोलकर बच्चों को सुरक्षित निकाला। हालांकि गनीमत यह रही कि इस दौरान बिजली के तार में करंट का प्रभाव नहीं था। वरना बड़ा हादसा हो जाता। वहीं बिजली के खंभे से बस टकराने की सूचना पाकर अधिकांश अभिभावक मौके पर पहुंचे और अपने-अपने बच्चों को लेकर घर के लिए रवाना हो गए।
स्कूल संचालक अमित कुमार ने बताया कि लापरवाह बस चालक को ड्यूटी से हटा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिस समय स्कूल बस बिजली के खंभे से टकराई थी। उस दौरान बस में करीब दर्जन भर से अधिक स्टूडेंट्स मौजूद थे।